
7 November 2026 · Temple Admin
केसरियाजी का गर्भगृह: मूलनायक प्रतिमा, अष्टधातु का परिकर और नवग्रह
केसरियाजी के गर्भगृह का विस्तृत परिचय: भगवान ऋषभदेव की काले पाषाण की मूलनायक प्रतिमा, अष्टधातु का परिकर, सोलह स्वप्न, नवग्रह की पंक्ति और प्रतिमा की दिगंबर पहचान पर प्रमाण।
Read in English: Inside the Garbhgrah of Kesariyaji
केसरियाजी आने वाला हर श्रद्धालु दस सीढ़ियां, नौ चौकी और खेला मंडप पार करके एक ही कारण से आगे बढ़ता है, कि कुछ पल उस छोटे से चांदी मढ़े कक्ष के सामने खड़ा हो सके। वहीं भगवान ऋषभदेव की वह काले पाषाण की प्रतिमा विराजमान है जिससे इस तीर्थ को उसका नाम मिला। ज्यादातर यात्री केसर और फूलों के बीच दर्शन करके लौट जाते है और जान नहीं पाते कि उन्होंने क्या देखा।
इस लेख में गर्भगृह को एक एक भाग करके देखा गया है: मूलनायक, अष्टधातु का परिकर, सोलह स्वप्नों वाला सिंहासन और सामने की छोटी आकृतियों की वह पंक्ति जिसे लोग नवग्रह कहते हैं। इसके बाद बताया गया है कि इस दिगंबर प्रतिमा में समय के साथ क्या बदलाव किए गए और गर्भगृह का हर भाग कैसे सिद्ध करता है कि केसरियाजी दिगंबर तीर्थ है। हर तथ्य के साथ स्रोत दिया गया है और पूरी सूची अंत में है।

आज का गर्भगृह। यह चित्र डिजिटल रूप से सुधारा गया है, इसलिए इसे केवल सामान्य दृश्य के लिए लिया गया है।
एक नजर में गर्भगृह
मूलनायक: प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव
पाषाण: काला (श्याम वर्ण) पाषाण
मुद्रा: पद्मासन, ध्यान मुद्रा
ऊंचाई: लगभग साढ़े तीन फुट (ब्रीफ, पृ. 2; तीर्थवंदना, पृ. 6)। एक लेख में 108 सेमी दी गई है (विशेषांक, पृ. 72)।
मस्तक के ऊपर: तीन छत्र (ब्रीफ, पृ. 2; विशेषांक, पृ. 3, 29)
परिकर: ब्रीफ के अनुसार अष्टधातु का, 23 लघु जिन प्रतिमाओं सहित (ब्रीफ, पृ. 2; तीर्थवंदना, पृ. 6)
सिंहासन: सोलह स्वप्न, यक्ष यक्षी और दो वृषभ (ब्रीफ, पृ. 2, 3; तीर्थवंदना, पृ. 6, 7)
प्रतिमा पर लेख: कोई नहीं (विशेषांक, पृ. 29; तीर्थवंदना, पृ. 7)
काल: शैली के आधार पर लगभग 12वीं शती, पुराने काल भी बताए गए हैं (तीर्थवंदना, पृ. 7; विशेषांक, पृ. 3, 72)
गर्भगृह का कक्ष
गर्भगृह आकार में अत्यंत लघु है (तीर्थवंदना, पृ. 6)। यहां तक पहुंचने का मार्ग पूरे मंदिर से होकर एक सीधी रेखा में जाता है: बाहरी द्वार से दस सीढ़ियां, फिर नौ चौकी, फिर खेला मंडप (ब्रीफ, पृ. 3; विशेषांक, पृ. 17)। खेला मंडप में आमने सामने दो प्राचीन शिलालेख हैं और गर्भगृह का द्वार इसी मंडप में खुलता है।
सिंहासन को छोड़कर पूरा गर्भगृह और उसका द्वार चांदी से मढ़ा हुआ है (विशेषांक, पृ. 30)। सन 2004 के एक यात्रा विवरण में तीनों दीवारें चांदी से जड़ी और कपाट चौखट सहित मोटे चांदी के पत्ते से मढ़े बताए गए हैं (विशेषांक, पृ. 72)। कक्ष के ऊपर रेखा नागर शैली का विशाल शिखर है (तीर्थवंदना, पृ. 6) और उसके ऊपर ध्वजादंड। चारों दिशाओं में चार और उत्तुंग शिखर हैं (तीर्थवंदना, पृ. 6)।
मंदिर की रचना ऐसी है कि उगते सूर्य की किरणें मूलनायक के चरणों तक पहुंचती हैं और सभी द्वारों की सीध में पहले द्वार के बाहर से भी दर्शन हो जाते हैं (विशेषांक, पृ. 28)।
इस कक्ष का सबसे पुराना तिथियुक्त प्रमाण खेला मंडप का संवत 1431 (सन 1374) का शिलालेख है। इसमें लिखा है कि भट्टारक धर्मकीर्ति के उपदेश से साह हरदास, उनकी पत्नी हारू और पुत्र पूंजा व कोता ने ऋषभेश्वर प्रासाद का जीर्णोद्धार कराया (तीर्थवंदना, पृ. 17, 18; विशेषांक, पृ. 26, 33; नागोरी, पृ. 7)। धर्मकीर्ति दिगंबर काष्ठा संघ के थे। इसी शिलालेख के आरंभ में दिगंबर परंपरा के लघु स्वयंभू स्तोत्र का प्रथम श्लोक है (ब्रीफ, पृ. 4)। जीर्णोद्धार पुराने भवन का ही होता है, इसलिए गर्भगृह सन 1374 से भी पुराना है।
मूलनायक प्रतिमा
प्रतिमा काले पाषाण की है, पद्मासन में है और हाथ गोद में रखे हैं। शरीर सादा और निर्वस्त्र है, उस पर कोई आभूषण नहीं खुदा। तीर्थवंदना का सर्वेक्षण इसे पूर्ण रूप से नग्न दिगंबर परंपरा की प्रतिमा बताता है (तीर्थवंदना, पृ. 6)। कंधों पर लहराती केश जटाएं इसे ऋषभनाथ की प्रतिमा सिद्ध करती हैं और सिंहासन का वृषभ लांछन इसकी पुष्टि करता है (तीर्थवंदना, पृ. 6)। ये केश अति प्राचीन होने से कुछ मिट से गए हैं (विशेषांक, पृ. 29)।
काले पाषाण के कारण भील समाज इन्हें कालाजी और कारिया बाबा कहता है। कुछ लोग धुलेवा धणी और केसरियालाल भी कहते हैं (तीर्थवंदना, पृ. 5; विशेषांक, पृ. 30)। इतनी केसर चढ़ती है कि नाम ही केसरियाजी पड़ गया (ब्रीफ, पृ. 2)।
प्रतिमा कितनी पुरानी है?
प्रतिमा पर कोई लेख नहीं है, इसलिए काल का केवल अनुमान लगाया जा सकता है। डॉ. नवनीत कुमार जैन का सर्वेक्षण शैली के आधार पर इसे लगभग 12वीं शती का बताता है (तीर्थवंदना, पृ. 7)। प्रो. भागचंद्र जैन भास्कर लगभग दसवीं शताब्दी मानते हैं (विशेषांक, पृ. 3)। एक अन्य लेख में आठवीं शताब्दी है (विशेषांक, पृ. 72)। परंपरा में दूसरी शताब्दी के ईंटों के मंदिर और आठवीं शताब्दी के पाषाण मंदिर की बात है (ब्रीफ, पृ. 4; विशेषांक, पृ. 26), पर इसका कोई शिलालेख नहीं मिलता। काल कोई भी माना जाए, इस गर्भगृह का सबसे पुराना अभिलेख दिगंबर अभिलेख ही है।

विशेषांक, पृ. 29। मूलनायक, सोलह स्वप्न और नौ लघु प्रतिमाओं का वर्णन।
अष्टधातु का परिकर
प्रतिमा के पीछे धातु का परिकर है, जो इस तीर्थ की सबसे सुंदर कलाकृतियों में से एक है। ब्रीफ इसे अष्टधातु का बताता है (ब्रीफ, पृ. 2)। सर्वेक्षण में केवल धातु लिखा है (तीर्थवंदना, पृ. 6) और एक यात्री ने इसे स्वर्ण पीठिका कहा है (विशेषांक, पृ. 72)। इसके मुख्य भाग ये हैं।
23 लघु जिन प्रतिमाएं। दो मूलनायक के दोनों ओर कायोत्सर्ग में खड़ी हैं और 21 पद्मासन में हैं (ब्रीफ, पृ. 2; तीर्थवंदना, पृ. 6)। मूलनायक के साथ मिलकर पूरी चौबीसी बनती है।
पार्श्वनाथ और सुपार्श्वनाथ। दो लघु प्रतिमाएं फणों से पहचानी जाती हैं। सात फण वाली पार्श्वनाथ मूलनायक के बाईं ओर सबसे नीचे की कुलिका में और पांच फण वाली सुपार्श्वनाथ मस्तक के दाईं ओर हैं (तीर्थवंदना, पृ. 6)।
दो खड़े जिन। ये नग्न और ध्यानस्थ हैं (विशेषांक, पृ. 6; नागोरी, पृ. 11)। ओझा जी, जो इस विवाद में किसी पक्ष के नहीं थे, ने भी इन्हें अपने इतिहास में दर्ज किया।
संगीत मंडली। मस्तक के दोनों ओर चार चार कलाकार मंगल वाद्य बजा रहे हैं (ब्रीफ, पृ. 2)।
कलशाभिषेक करते देव। मस्तक के ऊपर दोनों ओर अंकित हैं (ब्रीफ, पृ. 2)।
अष्ट प्रातिहार्य। सर्वेक्षण इन्हें दिगंबर परंपरा के अनुरूप बताता है (तीर्थवंदना, पृ. 6)।
तीन छत्र। तीन लोकों के स्वामित्व के प्रतीक (विशेषांक, पृ. 29)।
परिकर की सभी लघु प्रतिमाएं नग्न अवस्था में और दिगंबर आम्नाय की हैं और इस प्रकार का अंकन दिगंबर परंपरा का ही है (तीर्थवंदना, पृ. 6)। अकेला परिकर ही बता देता है कि यह गर्भगृह किसका है।

तीर्थवंदना, पृ. 6। परिकर और यक्ष यक्षी पर सर्वेक्षण प्रतिवेदन।
सिंहासन और सोलह स्वप्न
गर्भगृह का सबसे बोलता हुआ भाग सिंहासन है। इसमें धातु की उभरी हुई पंक्तियां हैं और हर छोटे खंड का अपना अर्थ है।
ऊपर की पंक्ति: सोलह स्वप्न
बीच में माता मरुदेवी और राजा नाभिराय विराजमान हैं। माता पिछली रात देखे स्वप्न सुना रही हैं और उनका फल सुनकर प्रसन्न हो रही हैं (ब्रीफ, पृ. 2)। दोनों ओर स्वप्न अंकित हैं। दिगंबर परंपरा में सोलह स्वप्न माने जाते हैं, जो महापुराण (12.101 से 119) और हरिवंश पुराण (8.58 से 74) में मिलते हैं। श्वेतांबर परंपरा में कल्पसूत्र के अनुसार चौदह माने जाते हैं (तीर्थवंदना, पृ. 7)।
सोलह स्वप्न ये हैं: गज, वृषभ, सिंह, लक्ष्मी, माला युग्म, चंद्रमा, सूर्य, मीन युगल, कलश युगल, सरोवर, समुद्र, सिंहासन, देव विमान, नागेंद्र भवन, रत्नराशि और निर्धूम अग्नि (तीर्थवंदना, पृ. 7)। ओझा जी ने भी सोलह की संख्या दर्ज की (विशेषांक, पृ. 9) और नागोरी के उत्तर में लिखा गया कि श्वेतांबर मूर्ति होती तो चौदह सपने होते (नागोरी, पृ. 11)।
नीचे की पंक्ति: दस आकृतियां
दोनों सिरों से देखें तो पहली और अंतिम आकृति सिंह की है। दूसरी और आठवीं गोमुख यक्ष और चक्रेश्वरी यक्षी की है। तीसरी और सातवीं फिर सिंह की है, जो जिन शासन की शक्ति के रूप में हैं। चौथी और छठी ऐरावत हाथी की है, इसी से सिंहासन को गजपीठ भी कहते हैं। बीच में ललितासन में शची इंद्राणी हैं, हाथ में अंकुश लिए, क्योंकि जन्म के बाद उन्होंने ही बालक भगवान को प्रसूति गृह से लाकर जगत को प्रथम दर्शन कराए थे (ब्रीफ, पृ. 2, 3)।
सबसे नीचे: दो वृषभ
सबसे नीचे ऋषभदेव के चिह्न के रूप में दो वृषभ हैं। इनके बीच मस्तक पर धर्मचक्र धारण किए सर्वान्ह यक्ष हैं (ब्रीफ, पृ. 3)।
गोमुख और चक्रेश्वरी क्यों महत्वपूर्ण हैं
सर्वेक्षण का यह सबसे ठोस मूर्तिशास्त्रीय प्रमाण है। यहां गोमुख के ऊपरी बाएं हाथ में परशु है, जैसा दिगंबर ग्रंथ प्रतिष्ठासारसंग्रह (5.13, 14), प्रतिष्ठासारोद्धार (3.129) और प्रतिष्ठातिलकम् (7.1) बताते हैं। श्वेतांबर ग्रंथों में गोमुख के आयुधों में परशु का उल्लेख नहीं मिलता (तीर्थवंदना, पृ. 6, 21, 22)। यहां चक्रेश्वरी के चार हाथ हैं, जो दिगंबर रूप है। श्वेतांबर ग्रंथों में आठ या बारह हाथ मिलते हैं (तीर्थवंदना, पृ. 6)।

पुराने चित्र में सिंहासन। ऊपर सोलह स्वप्न, फिर सिंह, ऐरावत, गोमुख और चक्रेश्वरी, बीच में शची और सबसे नीचे दो वृषभ।

तीर्थवंदना, पृ. 7। सोलह स्वप्नों की सूची और सर्वेक्षण का निष्कर्ष।
मूलनायक के सामने नवग्रह की पंक्ति
सिंहासन के ऊपरी किनारे पर, ठीक मूलनायक के सामने, नौ बहुत छोटी आकृतियां हैं। इनके नाम पर स्रोत एकमत नहीं हैं। ओझा जी ने लिखा कि लोग इन्हें नवनाथ या नवग्रह कहते हैं (विशेषांक, पृ. 6)। विशेषांक इन्हें नौ लघु जिन प्रतिमाएं बताता है जिन्हें लोग नवदेव कहते हैं (विशेषांक, पृ. 29) और संपादकीय में नवदेवता लिखा है (विशेषांक, पृ. 3)। ये सोलह स्वप्नों की पंक्ति के ऊपर हैं।
इन नौ में से कुछ आज खंडित हैं। चित्रों में ये घिसी हुई दिखती हैं और कम से कम एक आकृति तो लगभग ठूंठ जैसी रह गई है। इतने बड़े तीर्थ के मूलनायक के ठीक सामने की पवित्र आकृतियों को इस दशा में नहीं छोड़ा जा सकता। इन नौ की जांच, दस्तावेज और संरक्षण होना चाहिए।

विशेषांक, पृ. 6। ओझा जी का विवरण: भरे गए खड्डे (पैरा 15), नग्न कायोत्सर्ग प्रतिमाएं (पैरा 16) और नौ लघु मूर्तियां (पैरा 17)।
नासाग्र दृष्टि और लेपन
दिगंबर ग्रंथों में तीर्थंकर प्रतिमा की दृष्टि नासाग्र बताई गई है, यानी नासिका के अग्र भाग पर टिकी हुई, क्योंकि आत्मा पूरी तरह अंतर्मुखी है। केसरियाजी के मूलनायक की भी नासाग्र दृष्टि थी। लेपन की प्रक्रिया में वह घिसकर समतल हो गई और आज का मुख उसे वैसा नहीं दिखाता जैसा वह था।
लिखित प्रमाण बताते हैं कि इस प्रतिमा की सतह पर किस तरह काम हुआ है:
ओझा जी ने लिखा कि प्रतिमा बहुत प्राचीन होने से उसमें कई जगह खड्डे पड़ गए थे, जिनमें कुछ पदार्थ भरकर उन्हें ऐसा बना दिया गया कि वे मालूम नहीं होते (विशेषांक, पृ. 6)। यानी आज दिखने वाली पूरी सतह मूल पाषाण नहीं है।
प्रतिमा पर कांच के चक्षु नहीं हैं। वाडीलाल मोतीलाल शाह ने लिखा कि यह चक्षु और लंगोट से रहित है (विशेषांक, पृ. 8, 9)। लक्ष्मीसहाय माथुर ने भी लिखा कि नेत्र अलग नहीं हैं, मूर्ति में ही उसी श्याम रंग के अंकित हैं (नागोरी, पृ. 10, 11)।
शाह के अनुसार श्वेतांबर मूर्ति में चक्षु लगाने के लिए आंख के चारों ओर गड्ढा रखा जाता है और कांच जड़ा जाता है (विशेषांक, पृ. 9)। मूलनायक में ऐसा कुछ नहीं है।
यह दिगंबर मुख है, दिगंबर विधि से बना है, और लेपन से उसका मूल स्वरूप नहीं बदलता।
कंदोरा और जनेऊ की रेखाएं
दिगंबर प्रतिमा के शरीर पर कुछ नहीं होता। शाह ने अंतर स्पष्ट लिखा है: दिगंबर मूर्ति पर न मुकुट, न कुंडल, न कोई आभूषण और न लंगोट का चिह्न होता है, जबकि श्वेतांबर मूर्ति में लंगोट खुदा होता है और आभूषण चढ़ाए जाते हैं (विशेषांक, पृ. 9)। इसीलिए कमर या छाती पर कोई रेखा छोटी बात नहीं है। कमर की रेखा से लगता है कि प्रतिमा ने कंदोरा पहना है और छाती की रेखा से लगता है कि जनेऊ पहना है।
नीचे का पुराना चित्र इसका उत्तर देता है। इसमें न कमर पर कंदोरे की रेखा है और न कंधे से जाती जनेऊ की रेखा। शरीर सादा है, शुद्ध दिगंबर रूप में। इसकी तुलना आज की प्रतिमा से कीजिए।

मूलनायक का पुराना चित्र। न कंदोरा, न जनेऊ।

बाईं ओर पुराना चित्र, दाईं ओर हाल के वीडियो का एक दृश्य।
हमारा मत स्पष्ट है। ये रेखाएं मूल प्रतिमा का भाग नहीं थीं। हमारे मत में इन्हें बाद में जानबूझकर अन्य समुदायों ने बनाया, ताकि प्रतिमा की दिगंबर पहचान कमजोर हो और मंदिर पर दावा खड़ा किया जा सके। अभिलेख बताते हैं कि इस प्रतिमा और इस मंदिर को बार बार निशाना बनाया गया:
सन 1927 में दिगंबर प्रतिमाओं पर जबरदस्ती मुकुट कुंडल चढ़ाए गए और उस विवाद में छह लोगों की जान गई। शाह ने लिखा कि उसके बाद भी मूलनायक लंगोट और चक्षु रहित ही रहे (विशेषांक, पृ. 9)।
मूलनायक के लिए हीरों की आंगी बनी। दिगंबरों ने मंदिर के कोष से इसके बनने का विरोध किया तो महाराणा ने उसे निजी खर्च से बनवाया (तीर्थवंदना, पृ. 34, 35; नागोरी, पृ. 53)।
संवत 1889 के परवाने से पता चलता है कि तब तक प्रतिमा पर चढ़ाए आभूषण तोड़ दिए जाते थे (नागोरी, पृ. 51, टिप्पणी)। यानी उस समय भी यह प्रतिमा आभूषण के लिए नहीं मानी जाती थी।
दिगंबर भट्टारकों के शास्त्र पढ़ने की गादी के चबूतरे को मरम्मत के बहाने एक ही रात में बदलकर उस पर श्रीमद्भागवत लिखवा दिया गया (विशेषांक, पृ. 17, 27; ब्रीफ, पृ. 7)। रात में चुपचाप किया गया यह बदलाव बताता है कि इस मंदिर में ऐसे काम कैसे होते थे।
जनेऊ शब्द पुराने विवाद में भी आता है, जब कहा गया कि भगवान को जनेऊ पहनाया गया (नागोरी, पृ. 5)। प्रभु की प्रतिमा का शरीर ही विवाद का विषय बना दिया गया था।
शाम की आंगी आज भी होती है (विशेषांक, पृ. 20, 32), जबकि दिगंबर दैनिक पूजा में पंचकल्याणक के बाद प्रतिमा पर आंगी नहीं की जाती (तीर्थवंदना, पृ. 34)।

मूलनायक का चित्र, जो 1950 में लहर सिंह मेहता ने बनाया।
गर्भगृह दिगंबर क्यों है
प्रतिमा। पूर्ण नग्न, लंगोट नहीं, कांच के चक्षु नहीं, पाषाण में कोई आभूषण नहीं (तीर्थवंदना, पृ. 6; विशेषांक, पृ. 8, 9)।
स्वप्न। सोलह, चौदह नहीं (तीर्थवंदना, पृ. 7)।
यक्ष और यक्षी। दिगंबर ग्रंथों के अनुसार (तीर्थवंदना, पृ. 6, 21, 22)।
परिकर। 23 नग्न जिन प्रतिमाएं (तीर्थवंदना, पृ. 6)।
अंतराल का द्वार। सिरदल पर चक्रेश्वरी और दिगंबर पद्मासन जिन प्रतिमाएं (तीर्थवंदना, पृ. 5)।
गर्भगृह का अभिलेख। सन 1374 में दिगंबर भट्टारक के उपदेश से जीर्णोद्धार (तीर्थवंदना, पृ. 17, 18)।
बाहरी दीवारें। चारों ओर नग्न दिगंबर प्रतिमाएं (तीर्थवंदना, पृ. 16, 17; विशेषांक, पृ. 6)।
अन्य लेख। संवत 1431 से 1863 तक के भट्टारक लेख (नागोरी, पृ. 13; तीर्थवंदना, पृ. 16 से 21)।
भट्टारक गादियां। उत्तर में मूलसंघ और दक्षिण में काष्ठासंघ की (विशेषांक, पृ. 17, 28; ब्रीफ, पृ. 6, 7)।
शाह ने दिखाया कि इस मंदिर से श्वेतांबर संबंध का सबसे पहला प्रमाण केवल संवत 1889 का है, जब राज्य में प्रभावी बाफना परिवार ने नक्कारखाना बनवाया और ध्वजादंड चढ़ाया (विशेषांक, पृ. 6, 7)। यह सन 1374 के दिगंबर जीर्णोद्धार के चार सौ से अधिक वर्ष बाद की बात है। खेला मंडप और देवकुलिकाओं की मूर्तियों की ओझा जी की गणना में पढ़े जा सकने वाले लेखों में 38 दिगंबर और केवल 11 श्वेतांबर हैं (विशेषांक, पृ. 6; नागोरी, पृ. 12)। वे श्वेतांबर मूर्तियां बाद की हैं, 17वीं शती से पहले की नहीं, और बदली हुई परिस्थितियों में रखी गईं (तीर्थवंदना, पृ. 12, 21)। मंदिर की मूल रचना में एक भी श्वेतांबर मूर्ति नहीं है (तीर्थवंदना, पृ. 21)।
प्रो. भागचंद्र जैन भास्कर ने सीधे लिखा है कि साहित्य, इतिहास और कला के पन्नों पर इस तीर्थ से श्वेतांबर परंपरा का कोई संबंध दिखाई नहीं देता (विशेषांक, पृ. 4)। सर्वेक्षण का भी यही निर्णय है: यह निर्विवाद रूप से दिगंबर मंदिर ही है (तीर्थवंदना, पृ. 21)।
न्यायालयों ने क्या कहा
केसरियाजी की दिगंबर पहचान को नकारने वाले प्रायः एक ही पंक्ति दोहराते हैं कि राजस्थान उच्च न्यायालय ने 1966 में इसे श्वेतांबर मंदिर कहा था (विशेषांक, पृ. 75)। यह अंतिम बात नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय ने इसे जैन मंदिर माना, हिंदू मंदिर नहीं। 4 जनवरी 2007 के निर्णय में उसने साफ लिखा कि मंदिर श्वेतांबरों का है या दिगंबरों का, यह प्रश्न उसके विचार के लिए नहीं है (विशेषांक, पृ. 75, 81)। यानी सर्वोच्च न्यायालय ने इसे श्वेतांबर मंदिर घोषित नहीं किया। दिगंबरों ने इसे दिगंबर जैन मंदिर घोषित कराने की अपनी याचिका दायर की (विशेषांक, पृ. 76), और मेवाड़ के अपने ध्वजादंड कमीशन ने कहा कि यह आरंभ से दिगंबर मंदिर है (विशेषांक, पृ. 19; ब्रीफ, पृ. 9)।
मंदिर के प्रबंध का कोई आदेश गर्भगृह में खुदे सत्य को नहीं बदल सकता।
निष्कर्ष
मूलनायक के सामने खड़े होकर वह पढ़िए जो सचमुच वहां है। ध्यानस्थ निर्वस्त्र शरीर, जिस पर कोई आभूषण नहीं खुदा। पास में दो नग्न जिन। ऊपर इक्कीस और जिन। आसन के नीचे सोलह स्वप्न। परशुधारी गोमुख और चार भुजाओं वाली चक्रेश्वरी। दिगंबर भट्टारक के उपदेश से जीर्णोद्धार पाया गर्भगृह, उस मंदिर में जिसे दिगंबर श्रावकों ने सदियों तक बनाया और बढ़ाया।
निष्कर्ष दृढ़ है। मूलनायक दिगंबर है। गर्भगृह दिगंबर है। मंदिर दिगंबर है। यह श्वेतांबर नहीं हो सकता, क्योंकि श्वेतांबर प्रतिमा का हर चिह्न यहां अनुपस्थित है और दिगंबर प्रतिमा का हर चिह्न यहां मौजूद है। रेखाएं, लेपन, आंगी और आभूषण सब बाद में आए। पाषाण पहले से है, और वह पाषाण दिगंबर है।
दोनों आम्नायों के जैन, भील, वैष्णव और शैव सभी यहां श्रद्धा से आते रहे हैं (विशेषांक, पृ. 5, 31) और सबका स्वागत है। पर दूसरों की श्रद्धा से मंदिर उनका नहीं हो जाता।
अगली बार दर्शन को आएं तो धीरे से देखिए। सोलह स्वप्न देखिए, दोनों खड़े जिन देखिए और प्रभु के सामने की वे नौ छोटी आकृतियां देखिए। ये सदियों से यही इतिहास सुना रही हैं, और यह दिगंबर इतिहास है।
विस्तृत इतिहास के लिए पढ़ें: Is Kesariyaji a Digambar or Shwetambar Temple? और Bhattarak Parampara and Kesariyaji।
स्रोत
ब्रीफ: श्री ऋषभदेव मन्दिर एवं इसकी परम्परा, संक्षिप्त इतिहास, पुस्तिका, पृ. 2 से 13।
तीर्थवंदना: जैन तीर्थवंदना, वर्ष 5 अंक 2, फरवरी 2010, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी का मुखपत्र। इसमें डॉ. नवनीत कुमार जैन का पुरातात्त्विक सर्वेक्षण प्रतिवेदन (पृ. 5 से 30) और शांतिलाल जैन जांगड़ा का पूजा पद्धति पर लेख (पृ. 31 से 35) है।
विशेषांक: प्राचीन तीर्थ जीर्णोद्धार, केशरियाजी विशेषांक, मार्च 2007। इसमें प्रो. भागचंद्र जैन भास्कर का संपादकीय, पं. गौरीशंकर हीराचंद ओझा के राजपूताने का इतिहास पर वाडीलाल मोतीलाल शाह की टिप्पणी (पृ. 5 से 11), ज्ञानमल शाह (पृ. 25 से 35), डॉ. प्रकाशचंद जैन (पृ. 72) के लेख और 4 जनवरी 2007 का सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय (पृ. 75 से 81) है।
नागोरी: नागोरीजी रचित केसरियाजी के इतिहास पर एक दृष्टि, प्रस्तावना लक्ष्मीसहाय माथुर, संवत 1991।
पृष्ठ संख्या छपी हुई संख्या है।